Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चोरों ने पुलिसकर्मी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात तथा 1.15 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। मामला मुजगहन थाना क्षेत्र के डूंडा स्थित शिव विहार कॉलोनी का है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित ASI पुलिस लाइन में पदस्थ हैं और घटना के समय अपने परिवार के साथ जगदलपुर गए हुए थे। इसी दौरान गुरुवार रात चोरों ने उनके सूने मकान में धावा बोल दिया। वारदात की जानकारी पड़ोसियों ने उन्हें दी।
घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर अलमारी का लॉकर भी टूटा मिला, जिसमें रखी सोने की चेन, चांदी की पायल और 1.15 लाख रुपये नकद गायब थे।
सूचना मिलते ही मुजगहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।

