Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में मौसम खराब होने की आशंका है। राजधानी रायपुर सहित कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, कांकेर, महासमुंद, नारायणपुर, रायपुर और सुकमा में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम की स्थिति और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई जिलों में गुरुवार, 29 अक्टूबर को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलासपुर में जिला शिक्षा अधिकारी ने गुरुवार को जिले के सभी शासकीय और गैर-शासकीय शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी का आदेश जारी किया है। महासमुंद में भी भारी बारिश की आशंका को देखते हुए सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर विनय लंगेह ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया। राजधानी रायपुर में भी गुरुवार को स्कूलों में छुट्टी की जानकारी दी गई है। इससे पहले बुधवार को भी बस्तर संभाग के कई जिलों सहित दुर्ग, धमतरी और गरियाबंद में शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया था।
चक्रवात के संभावित असर को देखते हुए रायपुर जिला प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। सभी संबंधित विभागों को राहत और बचाव की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी के जरिए लोगों को भारी बारिश, तेज हवाओं, बिजली गिरने और जलभराव से बचाव के बारे में जागरूक किया जा रहा है। राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत और बिजली विभाग के साथ एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा फायर ब्रिगेड की टीमों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने नदी-नालों, निचले इलाकों, कमजोर भवनों, पेड़ों और बिजली लाइनों पर नजर रखने तथा जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा है। मौसम की चेतावनियों पर निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष सक्रिय किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें, अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और अफवाहों के बजाय अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करें। सहायता के लिए रायपुर जिला प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर 0771-2413233 जारी किया गया है।
इस बीच मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान भी अंबिकापुर में 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम की बदलती स्थिति के बीच जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

