Bhilai Latest News: भिलाई में मानव सिर मिलने से मचा हड़कंप, मृतक की पहचान में जुटी पुलिस; हत्या की आशंका की भी जांच

Bhilai Latest News: भिलाई में मानव सिर मिलने से मचा हड़कंप, मृतक की पहचान में जुटी पुलिस; हत्या की आशंका की भी जांच

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर इंटरनेशनल टेनिस स्टेडियम के पीछे एक सुनसान इलाके में बोरी के भीतर अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला कटा हुआ सिर मिलने से सनसनी फैल गई। सेप्टिक लाइन की सफाई के दौरान कर्मचारियों को बोरी में मानव अवशेष दिखाई दिए। सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर सेप्टिक लाइन की सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान कर्मचारियों की नजर बोरी में रखे मानव अवशेष पर पड़ी। घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और बरामद अवशेष को फॉरेंसिक जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सुनसान इलाके में मानव अवशेष मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि बरामद अवशेष की एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) से जांच कराई गई है। मर्ग की कार्रवाई के बाद अवशेष को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मानव अवशेष किसके हैं और उन्हें सुनसान इलाके में किसने तथा किन परिस्थितियों में छोड़ा। घटना की परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस को उम्मीद है कि फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामले से जुड़े अहम सुराग मिलेंगे।


Related Articles