ईंट भट्ठों के प्रदूषण से स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ी, पालकों ने स्कूल में की तालाबंदी, प्रशासन ने कार्रवाई करने का दिया आश्वासन

ईंट भट्ठों के प्रदूषण से स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ी, पालकों ने स्कूल में की तालाबंदी, प्रशासन ने कार्रवाई करने का दिया आश्वासन

Patan Brick Kiln Pollution News पाटन विकासखंड के ग्राम कौही में शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के पास संचालित ईंट भट्ठों से फैल रहे धूल और धुएं ने स्कूल परिसर में गंभीर हालात पैदा कर दिए हैं। प्रदूषण के कारण कई बच्चों को सिर दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत हुई, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। शिक्षकों ने बच्चों की सुरक्षा के लिए एहतियातन छुट्टी घोषित की। इस पर नाराज पालक और बच्चे स्कूल में इकट्ठा हो गए और कार्रवाई न होने से स्कूल में तालाबंदी कर दी।

तालाबंदी की सूचना पाकर नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और पालकों से चर्चा की। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि ईंट भट्ठा संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, पालकों ने चेतावनी दी कि यदि ईंट भट्ठों को स्कूल के पास से हटाया नहीं गया तो वे अपने बच्चों के लिए टेंट लगाकर पढ़ाई कराएंगे। उनका कहना था कि बच्चों के स्वास्थ्य को किसी भी कीमत पर खतरे में नहीं डाला जाएगा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए समरसता भवन में कक्षाएं संचालित करने की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें प्रदूषण से बचाया जा सके। नायब तहसीलदार ने ईंट भट्ठा संचालकों को एक सप्ताह के भीतर नोटिस जारी किया है और चेताया है कि यदि भट्ठा नहीं हटाया गया तो प्रशासन अपने तरीके से इसे हटाने की कार्रवाई करेगा।

ग्राम कौही में इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रशासन पर त्वरित और स्थायी समाधान निकालने का दबाव बढ़ गया है। पालकों ने स्पष्ट किया है कि जब तक ईंट भट्ठों को हटाया नहीं जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Read More : छत्तीसगढ़ विधानसभा में गरमाया माहौल, इन दो दिग्गज विधायकों के बीच तीखी बहस, सभापति ने दी सख्त नसीहत


Related Articles