दुर्ग में शराब पार्टी बनी मौत का कारण: मामूली विवाद में दोस्तों ने दोस्त को पीट-पीटकर मार डाला

दुर्ग में शराब पार्टी बनी मौत का कारण: मामूली विवाद में दोस्तों ने दोस्त को पीट-पीटकर मार डाला

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 42 दिनों की शांति के बाद एक बार फिर सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। मामूली विवाद ने ऐसा खतरनाक रूप ले लिया कि एक व्यक्ति की जान चली गई।

घटना अंडा थाना क्षेत्र के ग्राम खाड़ा की है। 12 अप्रैल की रात स्कूल पारा में तीन दोस्त—शंभू निषाद उर्फ देवचरण (45), संतोष यादव (44) और रोहित यादव (42)—एक साथ बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि शंभू हाल ही में गुजरात से अपने परिवार से मिलने गांव लौटा था।

इसी दौरान गांव की आबादी वाली जमीन को लेकर तीनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि संतोष और रोहित ने मिलकर शंभू की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल शंभू किसी तरह अपने घर पहुंचा और सो गया, लेकिन रात में उसकी हालत बिगड़ती गई।

सुबह जब वह नहीं उठा, तो परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की। एक आरोपी संतोष यादव को कुथरेल से और दूसरे आरोपी रोहित यादव को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है।

अगर जिले के अपराध आंकड़ों पर नजर डालें, तो स्थिति चिंताजनक रही है। वर्ष 2025 में 53 हत्या के मामले दर्ज हुए, जबकि 266 दिनों में 114 हत्या के प्रयास सामने आए। जनवरी से अक्टूबर के बीच 85 दिनों में ही 21 हत्याएं हुईं।

धनतेरस से भाई दूज के बीच लगातार 6 घटनाएं सामने आई थीं, यानी लगभग हर दूसरे दिन हत्या की वारदात हुई। इसके बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ाते हुए निगरानी गैंग बनाए, अपराधियों की पहचान की और लगातार गश्त शुरू की।

हालांकि, 42 दिनों की शांति के बाद हुई इस घटना ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Related Articles