Balodabazar News: बलौदाबाजार। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और स्कूली बच्चों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज विश्व के लगभग 177 देशों में योगाभ्यास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन जीवन पद्धति है, जिसमें ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना समाहित है। योग केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में खुशहाली और समृद्धि का भी आधार है।
उन्होंने वर्तमान समय में बच्चों और युवाओं में फास्ट फूड और जिम के प्रति बढ़ते आकर्षण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे शारीरिक अस्वस्थता और मानसिक तनाव बढ़ रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को स्वस्थ शरीर और नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने योग को भारत की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि इससे तन और मन स्वस्थ होने के साथ अनुशासन और संयम का भी विकास होता है, जो जीवन में शांति और समृद्धि के लिए आवश्यक है। उन्होंने भी योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
सामूहिक योगाभ्यास के दौरान योग प्रशिक्षक दीपांशु प्रसून वर्मा और उनकी टीम ने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, अर्धचक्रासन और शवासन सहित विभिन्न योगासन कराए। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और अनुशासन का माहौल देखने को मिला।

