Chhattisgarh Latest News: CRPF की वापसी, धान खरीदी और भाजपा की राजनीति पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, सरकार से पूछा- विकास के काम कहां हैं?

Chhattisgarh Latest News: CRPF की वापसी, धान खरीदी और भाजपा की राजनीति पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, सरकार से पूछा- विकास के काम कहां हैं?

Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने CRPF बटालियन की वापसी, धान खरीदी व्यवस्था और भाजपा नेताओं के बयानों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि CRPF जवानों की वापसी एक प्रशासनिक व्यवस्था है, इसे नक्सलवाद के पूरी तरह खत्म होने का प्रमाण नहीं माना जा सकता। सरकार को विकास कार्यों का हिसाब देना चाहिए। बघेल ने धान खरीदी को लेकर भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण किसान धान बेचने में परेशान हो रहे हैं और सरकार किसानों को चोर समझती है।

CRPF की बटालियन हटाए जाने के मामले में भूपेश बघेल ने कहा कि जवानों की वापसी प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा है। सरकार को यह बताना चाहिए कि प्रदेश में विकास के लिए क्या काम किए गए हैं। पंचायतों को एक करोड़ रुपये देने का वादा किया गया था, उसका क्या हुआ? केवल जमा-खाते बताने से विकास साबित नहीं होता। उन्होंने कहा कि जब सामान्य व्यवस्था पूरी तरह बहाल हो जाएगी, तभी माना जा सकेगा कि नक्सलवाद खत्म हो चुका है।

धान खरीदी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीति ऐसी है कि किसान अपना धान बेच ही न पाएं। बघेल ने कहा कि पहले धान खरीदी केंद्रों में टोकन के लिए किसानों को जाना पड़ता था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाई थी। उन्होंने मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसान मेहनत से धान उगाते हैं, लेकिन भाजपा सरकार उन्हें चोर समझती है।

सरगुजा संभाग में भाजपा की राजनीतिक तैयारियों को लेकर भी बघेल ने प्रतिक्रिया दी। स्मृति ईरानी द्वारा फीडबैक लिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पिछले दिनों फीडबैक लिया गया, क्योंकि ये लोग जमीन पर कहीं दिखाई नहीं दे रहे थे।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के छत्तीसगढ़ दौरे पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर की टिप्पणी को लेकर भी भूपेश बघेल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अजय चंद्राकर कभी-कभी अचानक प्रकट होते हैं और अब विधानसभा तक सीमित रह गए हैं। कांग्रेस पर बयान देकर वे सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं।

जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के शामिल नहीं होने के मुद्दे पर भी बघेल ने अजय चंद्राकर पर तंज कसा। उन्होंने सवाल किया कि अजय चंद्राकर रायगढ़ में थे या कुरुद स्थित अपने बंगले में आराम फरमा रहे थे। बघेल ने कहा कि जब मुख्यमंत्री रायपुर में मौजूद थे, तब उसी समय अजय चंद्राकर रायगढ़ कैसे पहुंच गए।


Related Articles