Chhattisgarh Bijapur News: बीजापुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला संसाधन केंद्र (डीपीआरसी) बीजापुर में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, नागरिकों तथा पुनर्वासित युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए योग के प्रति अपनी जागरूकता और प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक नीलकंठ टेकाम ने दीप प्रज्ज्वलन एवं सामूहिक योगाभ्यास के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ और संतुलित जीवन की आधारशिला है।
विधायक टेकाम ने कहा कि वर्तमान की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनावमुक्त रहने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही समृद्ध समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव है। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी दिलाया।
कार्यक्रम में कलेक्टर विश्वदीप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमन झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना, अपर कलेक्टर भूपेंद्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल एवं उत्तम सिंह पंचारी सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, वन विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
कार्यक्रम की विशेषता पुनर्वासित युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही। युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया, जिससे आयोजन और अधिक प्रेरणादायी बन गया। इस दौरान योग के महत्व, मानसिक संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली में इसकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने और अपने परिवार व समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। स्वास्थ्य, सामूहिक सहभागिता और सकारात्मक जीवनशैली के संदेश के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

