Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर के तत्वावधान में 18 नवंबर 2026 को डब्लूआरएस नगर पालिक निगम उच्चतर माध्यमिक शाला, खमतराई में विशेष विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 150 बच्चों को नशे के दुष्परिणाम, बाल विवाह की रोकथाम, निःशुल्क विधिक सहायता और साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के निर्देशानुसार तथा प्राधिकरण के सचिव के मार्गदर्शन में किया गया।
शिविर में बच्चों को डॉन (DAWN) योजना 2025 की जानकारी दी गई। उन्हें नशीले पदार्थों और मादक द्रव्यों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में बताया गया। साथ ही नशे से प्रभावित बच्चों की पहचान, उन्हें उचित परामर्श, उपचार, पुनर्वास और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
बच्चों को बताया गया कि जरूरतमंद और पात्र लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए नालसा की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 संचालित है। कानूनी सहायता की जरूरत होने पर इस नंबर पर संपर्क कर मदद ली जा सकती है।
शिविर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान 2025 के तहत भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों को बाल विवाह की रोकथाम, इसके सामाजिक और व्यक्तिगत दुष्परिणामों तथा बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
इसके अलावा साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए बच्चों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में पैरालीगल वालेंटियर निर्मला साहू और शुभा यदु उपस्थित रहीं। शिविर के माध्यम से कुल 150 बच्चों को कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

