Rajnandgaon Latest News: मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 105 नर्सिंग स्टाफ की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, प्रसूताओं को भी किया जा रहा रेफर

Rajnandgaon Latest News: मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 105 नर्सिंग स्टाफ की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, प्रसूताओं को भी किया जा रहा रेफर

Chhattisgarh Rajnandgaon News: राजनांदगांव। मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MCH), पेंड्री में नर्सिंग स्टाफ की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। 535 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के 105 कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से मरीजों की देखभाल और उपचार व्यवस्था पर असर पड़ा है। कई मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है, जबकि पहले से निर्धारित ऑपरेशन टाल दिए गए हैं। प्रसव के लिए पहुंच रहीं गर्भवती महिलाओं को भी दूसरे अस्पतालों में जाने की सलाह दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार से मेडिकल कॉलेज अस्पताल की 73 स्टाफ नर्स और 32 नर्सिंग सिस्टर अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। हड़ताल शुरू होने से एक दिन पहले से ही अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को रेफर किया जाने लगा था। वहीं, वार्डों में भर्ती मरीजों को भी डिस्चार्ज किया गया है। नर्सिंग स्टाफ की कमी के कारण ऑपरेशन थिएटर में नियमित सर्जरी प्रभावित हुई है। फिलहाल आपातकालीन वार्ड और एनआईसीयू का संचालन जारी है।

हड़ताल का असर प्रसव संबंधी मामलों पर भी देखने को मिला है। छुरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद एक मरीज को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया था। एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचने के बावजूद उसे भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद 17 नवंबर की शाम को परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया।

इसी तरह डोंगरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्रसव के लिए एक हाई रिस्क गर्भवती महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। परिजनों को उसे दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए कहा गया। प्रसव का समय नजदीक होने के कारण परिजन महिला को निजी अस्पताल लेकर चले गए।

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए चिकित्सा सेवाएं जारी रखने का प्रयास किया जा रहा है। अधीक्षक डॉ. अतुल देशकर के मुताबिक, सीएमएचओ और सिविल सर्जन से चर्चा कर वैकल्पिक व्यवस्था बनाई गई है। नर्सिंग कॉलेज से भी सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने स्वीकार किया कि अनुभवी नर्सिंग स्टाफ के हड़ताल पर जाने से व्यवस्था पर काफी असर पड़ा है और ऑपरेशन फिलहाल बंद हैं, लेकिन आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं जारी हैं। प्रबंधन के अनुसार, अस्पताल में मरीजों को लेने की व्यवस्था भी की जा रही है।


Related Articles