Raipur Latest News: सफाई व्यवस्था के प्रेजेंटेशन में महापौर और अधिकारियों के बीच हंगामा, नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सवाल

Raipur Latest News: सफाई व्यवस्था के प्रेजेंटेशन में महापौर और अधिकारियों के बीच हंगामा, नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सवाल

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर के कई चौक-चौराहों, मुख्य सड़कों और रिहायशी इलाकों में कचरे के ढेर जमा होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। दिवाली के बाद स्थिति और बिगड़ने का दावा किया जा रहा है। एक ओर शहरवासी गंदगी, बदबू और मच्छरों से परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर नगर निगम में सफाई व्यवस्था को लेकर महापौर, उनकी परिषद और अधिकारियों के बीच खींचतान सामने आई है। इसी मुद्दे पर आयोजित प्रेजेंटेशन के दौरान सामान्य सभा कक्ष में हंगामा हुआ। इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने महापौर और निगम प्रशासन पर निशाना साधा है।

शहर के कई इलाकों में समय पर कचरा नहीं उठने की शिकायतें मिल रही हैं। सड़कों और नुक्कड़ों पर जमा कचरे के कारण बदबू फैलने के साथ मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, रायपुर नगर निगम क्षेत्र में करीब 70 वार्ड हैं और प्रतिदिन लगभग 600 से 700 टन कचरा निकलता है। घर-घर से कचरा संग्रहण की जिम्मेदारी रामकी कंपनी को सौंपी गई है, लेकिन कई वार्डों में तीन से चार दिनों तक कचरा गाड़ी नहीं पहुंचने की शिकायतें सामने आई हैं।

नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि शहर की स्वच्छता की जिम्मेदारी संभालने वाले महापौर, परिषद और अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामान्य सभा कक्ष में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले लोग ही आपस में बहस और आरोप-प्रत्यारोप करते नजर आए। इसका खामियाजा शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

तिवारी ने सेंट्रल सफाई सिस्टम को लेकर आयोजित प्रेजेंटेशन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रेजेंटेशन को लेकर महापौर की सहमति थी, तो फिर विवाद क्यों हुआ और यदि सहमति नहीं थी, तो इसे आयोजित क्यों किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर, उनकी परिषद और अधिकारियों के बीच असहमति के कारण शहर की मूलभूत स्वच्छता समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने पूर्व में महापौर द्वारा बुलाई गई विशेष सामान्य सभा का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस बैठक में पार्षदों से उनके वार्डों के मूलभूत विकास कार्यों को लेकर सुझाव और प्रस्ताव मांगे गए थे। तिवारी ने सवाल किया कि उन प्रस्तावों पर अब तक कितनी कार्रवाई हुई और कितने प्रस्ताव फाइलों में लंबित हैं। उन्होंने कहा कि यदि अब पार्षदों के सुझावों की बात हो रही है, तो पहले दिए गए प्रस्तावों की प्रगति भी सार्वजनिक होनी चाहिए।

आकाश तिवारी ने नगर निगम के कामकाज को लेकर तीन सवाल भी उठाए। उन्होंने पूछा कि रायपुर नगर निगम को महापौर चला रही हैं, जिम्मेदार अधिकारी चला रहे हैं या फिर कोई अदृश्य शक्ति निगम का संचालन कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सफाई व्यवस्था की बदहाली से बच्चों और बुजुर्गों सहित शहर के लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है, जबकि जिम्मेदारों के बीच तालमेल की कमी दिखाई दे रही है।


Related Articles