Chhattisgarh Latest News: राष्ट्रपति भवन में चमकेगी बस्तर की शिल्पकला, 38 कलाकारों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का न्योता

Chhattisgarh Latest News: राष्ट्रपति भवन में चमकेगी बस्तर की शिल्पकला, 38 कलाकारों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का न्योता

Chhattisgarh Kondagaon News: कोंडागांव। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक शिल्पकला को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने जा रही है। कोंडागांव जिले के 38 शिल्पकारों को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से विशेष मुलाकात का आमंत्रण मिला है। वहीं, पूरे छत्तीसगढ़ से कुल 51 शिल्पकार इस आयोजन में शामिल होंगे। 16 नवंबर को सुबह 11:30 बजे आयोजित होने वाली इस मुलाकात में कलाकार अपनी पारंपरिक कला, कारीगरी और पीढ़ियों से चली आ रही शिल्प परंपरा के अनुभव साझा करेंगे।

कोंडागांव के ग्राम किकिरदापारा के शिल्पकारों द्वारा तैयार की गई अनूठी कलाकृतियों ने अपनी उत्कृष्ट कारीगरी के दम पर विशेष पहचान बनाई है। राष्ट्रपति भवन से मिले इस आमंत्रण के बाद जिले के कलाकारों में उत्साह का माहौल है। शिल्पकारों के लिए यह अवसर अपनी कला और सांस्कृतिक विरासत को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति के सामने प्रस्तुत करने का मौका होगा।

शिल्पकारों के दिल्ली प्रवास को लेकर भी विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से उनके भोजन, ठहरने और स्थानीय आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस विशेष आयोजन की तैयारियां राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान अहमदाबाद के सहयोग से की जा रही हैं।

शिल्पकार तिजूराम विश्वकर्मा ने इस आमंत्रण पर खुशी जताते हुए कहा कि कोंडागांव के शिल्पकारों को राष्ट्रपति महोदया से मिलने का अवसर मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान की बात है। वहीं, सागर विश्वकर्मा ने कहा कि उनकी कलाकृति का चयन होना और राष्ट्रपति भवन से आमंत्रण मिलना पारंपरिक कला एवं कारीगरी के लिए बड़े सम्मान की बात है। शिल्पकार राजमनी ने भी पहली बार राष्ट्रपति से मुलाकात का अवसर मिलने पर खुशी जाहिर की।

गौरतलब है कि कोंडागांव की बेलमेटल और लौह शिल्पकला बस्तर की आदिवासी संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक जीवनशैली की महत्वपूर्ण पहचान है। यहां के शिल्पकार धातुओं को अपनी कलात्मक प्रतिभा से देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों और जनजातीय जीवन से जुड़ी आकर्षक आकृतियों में ढालते हैं। अपनी विशिष्ट कारीगरी के कारण यहां के कलाकार देश-विदेश में पहचान बना चुके हैं।

राष्ट्रपति भवन में होने वाली यह मुलाकात केवल 38 शिल्पकारों की उपलब्धि नहीं, बल्कि बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक कारीगरी का सम्मान है। इस आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ की लोककला को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।


Related Articles