Chhattisgarh Latest News: कुनकुरी में 33,710 रुपये का बिजली बिल दिखाकर दीपक बैज ने सरकार को घेरा, महतारी वंदन योजना पर भी साधा निशाना

Chhattisgarh Latest News: कुनकुरी में 33,710 रुपये का बिजली बिल दिखाकर दीपक बैज ने सरकार को घेरा, महतारी वंदन योजना पर भी साधा निशाना

Chhattisgarh Latest News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने गौरेला प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए केंद्र और राज्य सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरा। उन्होंने महंगे बिजली बिल, स्मार्ट मीटर, महतारी वंदन योजना, प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार और बस्तर के जल-जंगल-जमीन से जुड़े मुद्दों पर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। इसके साथ ही उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव, कांग्रेस संगठन की मजबूती और पार्टी की भावी रणनीति को लेकर भी अपनी बात रखी।

बढ़ते बिजली बिलों का मुद्दा उठाते हुए दीपक बैज ने एक बिजली बिल दिखाया। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में एक उपभोक्ता के घर का एक महीने का बिजली बिल 33,710 रुपये आया है। बैज ने कहा कि प्रदेश के आम उपभोक्ता बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में स्मार्ट मीटर के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों का भी उल्लेख किया।

महतारी वंदन योजना को लेकर बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा ने इस योजना के नाम पर वोट हासिल किए, लेकिन इसका वास्तविक लाभ आम जनता के बजाय पार्टी को मिला है। वहीं, प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर चिंता जताते हुए उन्होंने कोरबा से जुड़े एक हालिया वीडियो का हवाला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सूखा नशा, अवैध शराब, गांजा, चरस, अफीम और नशीली दवाइयों का कारोबार फैल रहा है। बैज ने कहा कि नशे की चपेट में युवा और बच्चे आ रहे हैं, ऐसे में सरकार को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने सीमाओं से होने वाली नशे की तस्करी को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की जवाबदेही भी तय करने की मांग की।

बस्तर के मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आदिवासियों के अधिकारों और खनिज संसाधनों की सुरक्षा को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नक्सलवाद के नाम पर आदिवासियों की आवाज दबाई जा रही है। बैज ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जांच समिति गठित कर 1,300 से अधिक निर्दोष आदिवासियों को जेल से रिहा कराया गया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भी 25 हजार से अधिक आदिवासियों के खिलाफ दर्ज कथित फर्जी एफआईआर और वारंट के मुद्दे पर कांग्रेस संघर्ष कर रही है।

खनिज संपदा को लेकर बैज ने सवाल किया कि नक्सलवाद समाप्त होने के बाद बस्तर के प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा की क्या गारंटी है। उन्होंने बैलाडीला के दो और कांकेर के एक लौह अयस्क डिपॉजिट निजी उद्योगपतियों को सौंपे जाने, अवैध खनन और लकड़ी चोरी के आरोप भी लगाए। RSS की फंडिंग और पंजीयन को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा संघ पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लेख करते हुए 2029 की राजनीति पर टिप्पणी की। कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी प्रतिशोध की राजनीति नहीं की।

कांग्रेस संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव की तैयारियों पर दीपक बैज ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से सचिवों के प्रभार में किए गए बदलाव से पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में मदद मिलेगी। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि अभी चुनाव में करीब दो वर्ष का समय शेष है। पार्टी अपनी कार्ययोजना तैयार कर रही है और उचित समय आने पर जनता के सामने ठोस रणनीति रखी जाएगी।


Related Articles