Baloda Bazar Latest News: मां सहित दो मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका

Baloda Bazar Latest News: मां सहित दो मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका

Chhattisgarh Baloda Bazar News: बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला और उसके दो बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की आशंका है। परिजनों ने संदेह जताया है कि महिला ने पहले बच्चों को खाने में जहरीला पदार्थ दिया और बाद में खुद भी उसका सेवन कर लिया। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

घटना गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र के सुकली गांव की है। मृतकों की पहचान युक्ति मानिकपुरी (28 वर्ष), उनके बेटे चिराग दास मानिकपुरी (10 वर्ष) और दिव्यांश मानिकपुरी (5 वर्ष) के रूप में हुई है। गुरुवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि एक ही परिवार के तीन सदस्य घर में अचेत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से तीनों को कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला जहरीले पदार्थ के सेवन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला ने दोनों बच्चों को खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर दिया और बाद में खुद भी उसका सेवन कर लिया। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।

फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से सुकली गांव में शोक का माहौल है।


Related Articles