Chhattisgarh Balod News: बालोद। शराब पीने के बाद हुए विवाद में लोहे के पाइप से हमला कर युवक की हत्या करने के मामले में अदालत ने दोषी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। करीब डेढ़ साल पुराने इस मामले में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने फैसला सुनाया। घटना में मृतक के सिर और माथे पर गंभीर चोटें आई थीं। तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह और उनकी टीम की विवेचना के बाद मामले में आरोपी को दोषी ठहराया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 जून 2025 को लोहारा निवासी मोहित निषाद ने थाना डौंडीलोहारा में सूचना दी थी कि ग्राम भालूकोनहा निवासी जालम आमदो ने शराब भट्ठी लोहारा के पास हुए विवाद के बाद विजय बघेल पर लोहे के पाइप से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने विधिवत मर्ग और अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान घटना में इस्तेमाल किए गए लोहे के पाइप को जब्त कर रासायनिक जांच के लिए भेजा गया। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मृत्यु होने और मौत की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने की पुष्टि हुई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण भौतिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक जांच की मदद से आरोपी के खिलाफ साक्ष्य संकलित किए गए। मैदानी विवेचना के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
मामले में राज्य शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक श्री घनश्याम सिंह साहू ने पैरवी की। न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

