Chhattistgarh Raipur News: रायपुर: वैश्विक ऊर्जा संकट और बढ़ती ईंधन खपत के बीच राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने अपने राजकीय दौरों में विशेष प्रोटोकॉल और सुरक्षा काफिले का उपयोग न करने का निर्णय लिया है। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और ईंधन संरक्षण के आह्वान से प्रेरित है।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में ईंधन बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी भी है। उन्होंने अपने सुरक्षा काफिले में केवल अपरिहार्य वाहनों को शामिल करने और अनावश्यक वाहनों को हटाने के निर्देश दिए हैं। सामान्य स्थिति बहाल होने तक वे किसी भी प्रकार की पायलट, फॉलो वाहन या विशेष प्रोटोकॉल का उपयोग नहीं करेंगे।
मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ सार्वजनिक परिवहन, कारपूलिंग और संसाधनों के संयमित उपयोग को अपनाएं। उनका कहना है कि इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी योगदान मिलेगा। श्री अग्रवाल ने कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा को आत्मसात करने और शासन तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास है।

