Chhattisgarh Latest News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रदेश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच का आयोजन होगा। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से महानदी मंत्रालय भवन में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्हें भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए प्रदेश में पहली बार होने जा रहे इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों को बधाई दी और सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
बोले CM- महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी होगा मुकाबला
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच का आयोजन प्रदेश की खेल यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। देश और दुनिया की श्रेष्ठ महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की धरती पर खेलते देखना विशेष रूप से प्रदेश की बेटियों और युवा महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी अनुभव होगा। इससे उनमें यह विश्वास मजबूत होगा कि उचित अवसर, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिलने पर वे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
महिला दर्शकों के लिए मुफ्त प्रवेश का सुझाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 मुकाबले को लेकर प्रदेश की महिलाओं, युवाओं और खेलप्रेमियों में विशेष उत्साह रहेगा। उन्होंने महिला दर्शकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महिलाओं के लिए प्रवेश निःशुल्क रखने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री के इस सुझाव पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने सहमति व्यक्त की।
बेटियों को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से मिलेगी प्रेरणा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खेलों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और बेटियां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रही हैं। ऐसे में अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को स्टेडियम तक लाना अपने आप में प्रेरणा का माध्यम बनेगा। जब प्रदेश की बेटियां अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को मैदान पर आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा के साथ खेलते देखेंगी, तो उनमें भी खेलों को भविष्य और करियर के रूप में अपनाने का उत्साह बढ़ेगा।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेलों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य केवल अच्छे खिलाड़ी तैयार करना नहीं, बल्कि प्रदेश में ऐसी मजबूत खेल संस्कृति विकसित करना है, जिसमें बच्चों और युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए परिवार और समाज से भी प्रोत्साहन मिले।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के गांवों, कस्बों, आदिवासी और दूरस्थ अंचलों से अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आ रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि इन प्रतिभाओं को बेहतर खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों।
महिला क्रिकेट को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाला यह अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मुकाबला छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट की लोकप्रियता को नई ऊंचाई देगा। इससे प्रदेश की उभरती महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को नई प्रेरणा मिलेगी और भविष्य में छत्तीसगढ़ से भी अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाएंगी।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए तेजी से अपनी क्षमताओं का विस्तार कर रहा है। बेहतर खेल अधोसंरचना, खिलाड़ियों के लिए बढ़ती सुविधाएं और युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह प्रदेश को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का आधार बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों को आगामी मुकाबले के लिए शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों और खेलप्रेमियों से इस ऐतिहासिक मुकाबले को उत्सव की तरह मनाने और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया।

