Bhilai News: भिलाई में विशाल योग महोत्सव, सांसद विजय बघेल ने कहा- योग को बनाएं दैनिक जीवन का हिस्सा

Bhilai News: भिलाई में विशाल योग महोत्सव, सांसद विजय बघेल ने कहा- योग को बनाएं दैनिक जीवन का हिस्सा

Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (आईएनओ) छत्तीसगढ़ एवं आईएम सूर्या फाउंडेशन द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में एक महीने तक व्यापक योग अभियान चलाया गया। 1 जून से 21 जून तक प्रदेश के सभी 32 जिलों में 175 स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 11,500 लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।

आईएनओ के प्रदेश महासचिव मनोज ठाकरे ने बताया कि अभियान के तहत वृद्धाश्रम, केंद्रीय जेल, अग्निशमन विभाग, नगर सेवा विभाग, औद्योगिक संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिदिन 45 मिनट का कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) कराया गया। प्रशिक्षकों ने योगासन के साथ उनके स्वास्थ्य लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी।

भिलाई में हुआ प्रमुख आयोजन

छत्तीसगढ़ का प्रमुख योग आयोजन भिलाई के पायनियर स्मारक परिसर में हुआ, जहां सांसद विजय बघेल और वरिष्ठ उद्यमी उमेश चितलांगिया ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य योग प्रशिक्षिका ममता साहू, सह प्रशिक्षिका मीरा सिंह तथा सहयोगी आचार्य जितेंद्र साहू ने आयुष मंत्रालय के निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार 45 मिनट तक सामूहिक योगाभ्यास कराया। इस दौरान विभिन्न शहरों से आए छात्र-छात्राओं और योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

365 दिन योग करने की अपील

मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए केवल योग दिवस पर ही नहीं, बल्कि साल के 365 दिन नियमित योग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का सबसे प्रभावी माध्यम है।

‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थी इस वर्ष की थीम

इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रही। इसके तहत आईएनओ के प्रशिक्षकों ने प्रदेश के लगभग 18 वृद्धाश्रमों में पहुंचकर करीब 725 वरिष्ठ नागरिकों को भुजंगासन, कपालभाति, भ्रामरी, ताड़ासन, त्रिकोणासन, वक्रासन और अन्य उपयोगी योगासनों का अभ्यास कराया तथा उनके लाभ बताए।

जेलों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचा अभियान

योग अभियान केवल शहरों तक सीमित नहीं रहा। रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, बस्तर, कांकेर, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, कवर्धा, डोंगरगढ़ सहित अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं केंद्रीय जेलों में महिला एवं पुरुष बंदियों को भी योग का प्रशिक्षण दिया गया।

सफल आयोजन में कई संस्थाओं का सहयोग

कार्यक्रम में आर्य समाज के विद्वान डॉ. अजय आर्य ने योग की प्राचीन परंपरा पर प्रकाश डाला। योगाभ्यास के बाद दुर्ग साइंस कॉलेज के विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा प्राकृतिक अंकुरित आहार, फल एवं आम पना भी प्रदान किया गया।

इस अभियान को सफल बनाने में बालूराम वर्मा, प्रशांत क्षीरसागर, ओपी चौधरी, ममता साहू, मधु पडा, आरती शर्मा, आचार्य अंकित शास्त्री, विनोद राय, डॉ. प्रमोद नामदेव, डॉ. निर्मला गुप्ता, डॉ. मेघराज साहू, भूपेश साहू, संगीता लहरी, हिमांशु साहू सहित अनेक योग प्रशिक्षकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन नीता चौरसिया ने किया, जबकि आभार ममता उगले ने व्यक्त किया।


Related Articles