Chhattisgarh Balod News: बालोद। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के यंग साइंटिस्ट प्रोग्राम में चयनित होकर राज्य का नाम रोशन करने वाली छात्रा हिमांशी साहू को बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने सम्मानित किया। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समारोह में हिमांशी की उपलब्धि को पूरे जिले के लिए गौरव बताया गया।
कलेक्टर मिश्रा ने हिमांशी साहू को प्रशस्ति पत्र, शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनती हैं।
हिमांशी साहू स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कन्नेवाड़ा की कक्षा 9वीं की छात्रा हैं। उन्होंने कक्षा 8वीं की परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। यंग साइंटिस्ट प्रोग्राम में उन्होंने पूरे राज्य में तीसरा स्थान हासिल कर विद्यालय और बालोद जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
इस अवसर पर हिमांशी के पिता अभय कुमार और माता सहिता साहू को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा एवं नूतन कंवर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

