Kawardha Latest News: आदिवासी और बैगा समाज को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का आरोप, दोषियों पर कार्रवाई के लिए ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

Kawardha Latest News: आदिवासी और बैगा समाज को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का आरोप, दोषियों पर कार्रवाई के लिए ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

Chhattisgarh Kabirdham News: कबीरधाम। जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के वनांचल इलाकों में धर्मांतरण को लेकर विवाद एक बार फिर सामने आया है। क्षेत्र में कथित रूप से धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाते हुए 18 गांवों के ग्रामीण मंगलवार को जनप्रतिनिधियों और सरपंचों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि वनांचल क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर और अशिक्षित लोगों, विशेषकर आदिवासी, बैगा एवं अन्य समाज के लोगों को प्रलोभन देकर और गुमराह कर उनके मूल धर्म और पारंपरिक मान्यताओं से दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका दावा है कि इन गतिविधियों में बाहरी मिशनरियों के साथ गांव के कुछ धर्मांतरित व्यक्ति भी सक्रिय हैं।

ग्रामीण अपने साथ कथित तौर पर धर्मांतरण की गतिविधियों में शामिल शासकीय और गैर-शासकीय व्यक्तियों के नामों की सूची भी लेकर पहुंचे थे। ज्ञापन में उन्होंने क्षेत्र में संचालित चर्चों और धार्मिक गतिविधियों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मुद्दा केवल धर्म परिवर्तन तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी सामाजिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक पहचान से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से वनांचल के गांवों में चल रही गतिविधियों की गंभीरता से जांच कराने और यदि कहीं दबाव, प्रलोभन या धोखाधड़ी के माध्यम से धर्मांतरण कराए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।


Related Articles