नारायणपुर के सिवनी में मंत्री केदार कश्यप ने 1.55 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन-लोकार्पण, ग्रामीणों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

नारायणपुर के सिवनी में मंत्री केदार कश्यप ने 1.55 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन-लोकार्पण, ग्रामीणों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

Chhattisgarh Narayanpur News: नारायणपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार योजनाओं को धरातल पर उतारकर लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव ला रही है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी अब बेहतर बुनियादी सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा।

नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के सिवनी में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री कश्यप ने लगभग 1.55 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने बताया कि इन कार्यों से सड़क, शिक्षा, डिजिटल सेवाओं और सामुदायिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी, जिससे ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर होगा।

कार्यक्रम के तहत सिवनी से खालेपारा तक 0.55 किमी सड़क (73.30 लाख रुपए) और सिवनी से आमागुड़ापारा तक 0.55 किमी सड़क (55.18 लाख रुपए) का निर्माण किया गया है। इन सड़कों के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

इसके साथ ही ग्राम बड़ेआमाबाल और बड़ेअलनार में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को ऑनलाइन सेवाएं और शासकीय योजनाओं का लाभ गांव में ही मिल सकेगा। शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सोनारपाल में प्रार्थना शेड का निर्माण भी किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

भूमिपूजन किए गए कार्य
सोनारपाल में गणेश मंडली के पास शेड, टाइल्स और लाइट सहित निर्माण कार्य तथा ग्राम बड़ेआमाबाल के खरियापारा में सांस्कृतिक भवन निर्माण का भूमिपूजन किया गया। यह भवन ग्रामीणों के सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों का केंद्र बनेगा।

मंत्री कश्यप ने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल बुनियादी ढांचा मजबूत होगा, बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार गांव, गरीब और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ विकास कार्यों को पूरा किया जा रहा है और आने वाले समय में भी नारायणपुर जिले में ऐसे जनहितकारी कार्य लगातार जारी रहेंगे, जिससे हर गांव और हर परिवार सशक्त और आत्मनिर्भर बन सके।


Related Articles