Chhattisgarh News: हेमंत वर्मा की वन्यजीव फोटोग्राफी और पक्षी संरक्षण के प्रयासों को सम्मान, 200 से अधिक युवाओं को बनाया ‘प्रकृति प्रहरी’

Chhattisgarh News: हेमंत वर्मा की वन्यजीव फोटोग्राफी और पक्षी संरक्षण के प्रयासों को सम्मान, 200 से अधिक युवाओं को बनाया ‘प्रकृति प्रहरी’

Chhattisgarh News: बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर जिला प्रशासन ने जिले के वन्यजीव छायाकार और पर्यावरण संरक्षक हेमंत वर्मा को सम्मानित किया। उन्हें यह सम्मान पक्षी संरक्षण, प्रकृति के प्रति जागरूकता फैलाने और देवपुर वन परिक्षेत्र में दुर्लभ मालाबार जायंट स्क्विरल (विशाल भारतीय गिलहरी) की मौजूदगी को कैमरे में कैद कर वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित करने के प्रयासों के लिए दिया गया है।

पेशे से साइबर सिक्योरिटी रिस्क ऑडिटर हेमंत वर्मा वन्यजीव फोटोग्राफी के साथ प्रकृति संरक्षण के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उन्होंने बर्ड ट्रेल्स और ग्रामीण संवाद के माध्यम से 200 से अधिक युवाओं को ‘प्रकृति प्रहरी’ के रूप में तैयार किया है। उनके प्रयासों से युवाओं में पक्षियों और वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ी है।

देवपुर समर कैंप के दौरान हेमंत वर्मा ने दुर्लभ मालाबार जायंट स्क्विरल को कैमरे में कैद किया था। इस खोज को बारनवापारा और देवपुर क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता के प्रमाण के रूप में देखा गया। इससे क्षेत्र में इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलने के साथ शैक्षणिक जगत में भी इस प्रजाति को लेकर रुचि बढ़ी।

उनकी इस खोज को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की समसामयिकी सामग्री में भी स्थान मिला। इसके अलावा छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईकोर्ट डाटा एंट्री ऑपरेटर भर्ती परीक्षा में भी मालाबार जायंट स्क्विरल से संबंधित प्रश्न पूछा गया।

बलौदाबाजार जिले के प्रतिष्ठित नागरिकों की अनुशंसा के बाद जिला प्रशासन ने हेमंत वर्मा को यह सम्मान प्रदान किया। उनकी उपलब्धि पर जिले के पर्यावरण प्रेमियों और नागरिकों ने प्रसन्नता जताई है।


Related Articles