CG Weather: छत्तीसगढ़ में अगले एक सप्ताह तक झमाझम बारिश के आसार, कई जिलों में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की चेतावनी

CG Weather: छत्तीसगढ़ में अगले एक सप्ताह तक झमाझम बारिश के आसार, कई जिलों में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की चेतावनी

Chhattisgarh Weather News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होने लगा है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने के साथ-साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले तीन से चार दिनों में प्रदेश के शेष हिस्सों तक पहुंच सकता है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में भी अलग-अलग इलाकों में मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिला। फुंडहर चौक में जहां झमाझम बारिश हुई, वहीं कुछ ही दूरी पर स्थित वीआईपी चौक सूखा रहा।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 50 मिमी बारिश मुंगेली में दर्ज की गई। इसके अलावा दरभा में 40 मिमी, जबकि गुंडरदेही, अर्जुंदा और कोंटा में 30-30 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं रायगढ़, अकलतरा, प्रेमनगर, मनोरा, करपावंड, पथलगांव, अहिवारा, गुरूर, दुर्ग और दोरानापाल समेत कई क्षेत्रों में 20-20 मिमी बारिश हुई। अंबागढ़ चौकी, जगदलपुर, बलरामपुर, धरसींवा, गरियाबंद, बस्तर और भानुप्रतापपुर सहित कई स्थानों पर 10-10 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

प्रदेश में शनिवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मानसून प्रदेश के करीब 80 प्रतिशत हिस्से को कवर कर चुका है। रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर सहित 18 से अधिक जिलों में मानसून पहुंच चुका है।

वहीं सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ में मानसून की आधिकारिक एंट्री अभी बाकी है। हालांकि इन जिलों में प्री-मानसून बारिश जारी है और अगले 48 घंटों में मानसून के पहुंचने की संभावना जताई गई है।

बारिश की स्थिति पर नजर डालें तो बस्तर संभाग में सबसे बेहतर हालात होने के बावजूद सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है। बस्तर जिले में सामान्य 142.7 मिमी के मुकाबले 74.8 मिमी (48 प्रतिशत कम) बारिश हुई है। दंतेवाड़ा और सुकमा में सामान्य से 54 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। वहीं कोंडागांव में 51.9 मिमी और बीजापुर में 28 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा अनावश्यक रूप से खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है। अगले सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।


Related Articles