Chhattisgarh Gariaband News: गरियाबंद। जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के करका जंगल में सरकारी वनभूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों और टीम के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। हमले में खल्लारी थाना प्रभारी टुमनलाल डडसेना, महिला वनरक्षक परमेश्वरी और ललिता सहित सुरक्षा श्रमिक यज्ञ मालती घायल हुए हैं। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए वन विभाग और पुलिस की टीम महादनी के उद्गम स्थल के पास करका गांव के जंगल पहुंची थी। इस अभियान में महिला वनकर्मियों सहित 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए थे। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए टीम से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक झड़प तक पहुंच गया। आरोप है कि इस दौरान आगजनी की कोशिश की गई और थाना प्रभारी के साथ महिला वनकर्मियों पर हमला किया गया।
घटना आरसीकन्हार रेंज की बताई जा रही है। वन विभाग के अमले ने मामले की शिकायत खल्लारी थाना क्षेत्र में दर्ज कराई है। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अतिक्रमण के आरोप में श्याम लाल (55), देवलाल नेताम (40) और योगेश कुमार (28) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ वन्य अपराध अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
वन विभाग के अनुसार, करका क्षेत्र में पिछले करीब एक दशक के दौरान लगभग 1.25 लाख पेड़ों की कटाई या उन्हें नुकसान पहुंचाए जाने का अनुमान है। इसके साथ ही 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि पर अतिक्रमण किया गया था। बुधवार को वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़े अभियान के तहत इस जमीन को कब्जे से मुक्त कराने की कार्रवाई की।
विभागीय सर्वेक्षण के मुताबिक, वर्ष 2016 में करका क्षेत्र में करीब 22 हेक्टेयर वनभूमि पर अतिक्रमण था, जो वर्ष 2026 तक बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हो गया। इस आकलन के लिए पुराने सैटेलाइट चित्रों, इसरो की इमेजरी और GPS आधारित ड्रोन सर्वेक्षण का सहारा लिया गया। जांच में पेड़ों को नुकसान पहुंचाने के लिए गर्डलिंग की प्रक्रिया भी सामने आई है, जिसमें पेड़ के तने की छाल को चारों ओर से हटाकर उसे धीरे-धीरे सुखा दिया जाता है। इस कार्रवाई ने क्षेत्र में वनभूमि पर बढ़ते अतिक्रमण और जंगलों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

