Pulse Polio Campaign in Durg: दुर्ग। भारत सरकार के पोलियो मुक्त भारत अभियान के तहत रविवार को नगर पंचायत उतई में व्यापक स्तर पर पल्स पोलियो अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र की सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पांच वर्ष तक के बच्चों को “जिंदगी की दो बूंद” पोलियो की खुराक पिलाई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे, जिससे सभी केंद्रों पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के साथ-साथ अभिभावकों को नियमित टीकाकरण के महत्व की भी जानकारी दी। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाकर देश को स्थायी रूप से पोलियो मुक्त बनाए रखना है।
अभियान के दौरान नगर पंचायत उतई के प्रतिपक्ष नेता द्वारिका प्रसाद साहू भी आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। उन्होंने स्वयं अपने हाथों से बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को हर बार पल्स पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी की चपेट में न आए।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि अभियान के तहत क्षेत्र के सभी पात्र बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। नगर पंचायत उतई में अभियान को लेकर लोगों में अच्छा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में बच्चों ने पोलियो की खुराक लेकर अभियान को सफल बनाया।

