Chhattisgarh Gariyaband News: गरियाबंद। जिले के मदनपुर में संचालित आदिवासी छात्रावास में 9वीं कक्षा के दो छात्रों के गर्म दाल से झुलसने का मामला सामने आया है। घटना 19 सितंबर की बताई जा रही है। छात्र ओंकार ध्रुव और मुरली रसोई कक्ष में रखे दाल के कुकर को खोल रहे थे, इसी दौरान गर्म दाल गिरने से उनके हाथ, पैर और चेहरे पर झुलसने की बात सामने आई है।
घटना के बाद दोनों छात्रों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। आरोप है कि परिजनों को तत्काल जानकारी दिए बिना छात्रों को बेड रेस्ट कराया जाता रहा, जिसके चलते वे त्रैमासिक परीक्षा में भी शामिल नहीं हो सके। छात्रों ने बाद में अपने पालकों को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला सामने आया।
फिलहाल दोनों छात्रों का इलाज परिजन घर पर करा रहे हैं। पीड़ित छात्रों के परिजनों ने छात्रावास प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, रसोइयों की मौजूदगी के बावजूद यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और घटना की जानकारी के बाद विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई की गई, इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

