Raipur News: शहर की व्यवस्थाओं पर तकनीक से रखी जाएगी नजर, प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को दिए समन्वय और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

Raipur News: शहर की व्यवस्थाओं पर तकनीक से रखी जाएगी नजर, प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को दिए समन्वय और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। शहर के समग्र विकास, बेहतर यातायात प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार की जाएगी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने 9 अक्टूबर को जयस्तंभ चौक स्थित मल्टी लेवल पार्किंग के तीसरे माले में संचालित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) वार रूम का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर यातायात व्यवस्था, महिला सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता, अवैध निर्माण और खुदाई पर नियंत्रण सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की।

प्रमुख सचिव ने ITMS वार रूम में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों, निगरानी व्यवस्था और आंकड़ों के उपयोग का जायजा लिया। उन्होंने इसे सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस के रूप में विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य शहरी प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाना, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाना और नागरिक सुविधाओं में सुधार करना है।

यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की संख्या, यातायात के दबाव और सड़कों की क्षमता का आकलन करने पर जोर दिया गया। प्रमुख मार्गों का नियमित निरीक्षण कर यातायात संबंधी समस्याओं की पहचान और उनके समाधान के लिए कार्य करने के निर्देश दिए गए। इस दिशा में ट्रैफिक पुलिस, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) और नगर निगम की संयुक्त टीम बनाकर समन्वित कार्रवाई करने तथा जनजागरूकता अभियान चलाने पर चर्चा हुई।

शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। प्रमुख सचिव ने घर-घर कचरा संग्रहण को अधिक प्रभावी बनाने और ITMS की निगरानी व्यवस्था के माध्यम से गंदगी वाले स्थानों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कचरे के उचित प्रबंधन, संबंधित विभागों के बीच समन्वय और स्वच्छता अभियानों में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।

बैठक में महिला सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों की भी समीक्षा की गई। निगरानी व्यवस्था और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की संभावनाओं पर विचार किया गया। आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आवश्यक तैयारियों की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया गया।

शहर में अवैध खुदाई और अवैध निर्माण पर नियंत्रण के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बताई गई। निर्माण स्थलों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और नियमों की अनदेखी कर किए जा रहे कार्यों के विरुद्ध संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। इसका उद्देश्य निर्माण गतिविधियों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखना और सार्वजनिक स्थलों पर होने वाली असुविधाओं को रोकना है।

प्रमुख सचिव ने नागरिकों में सिविक सेंस विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने यातायात नियमों के पालन, सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण और शहर की व्यवस्थाओं के प्रति जिम्मेदार व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर चर्चा की। ट्रैफिक पुलिस, RTO और नगर निगम की संयुक्त भागीदारी से ऐसे अभियान चलाने की दिशा में काम किया जाएगा, जिससे शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में नागरिकों की भागीदारी बढ़ सके।

निरीक्षण और बैठक के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, डीसीपी अर्चना सिंह, एसीपी ट्रैफिक स्नेहिल साहू, संयुक्त संचालक एस.के. सुंदरानी, अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरि और अधीक्षण अभियंता प्रदीप यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


Related Articles