Durg News: ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ के नारों से गूंजे जिले के ब्लॉक, कांग्रेस ने चुनाव व्यवस्था पर उठाए सवाल

Durg News: ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ के नारों से गूंजे जिले के ब्लॉक, कांग्रेस ने चुनाव व्यवस्था पर उठाए सवाल

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 8 अक्टूबर 2026 को भारतीय लोकतंत्र के लिए “काला दिवस” के रूप में मनाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अंतर्गत जिले के सभी 9 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों द्वारा 10 स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में हुए इन प्रदर्शनों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा, संविधान की मर्यादा और चुनावी व्यवस्था में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

जामुल में आयोजित प्रदर्शन को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक तरीके से किया। यहां जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित कार्यकर्ताओं ने भैंस के सामने हॉर्न बजाकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग को लेकर उनकी कथित चुप्पी पर व्यंग्यात्मक विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनावी व्यवस्था से जुड़े सवालों और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही है, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। इसी के प्रतीक के तौर पर भैंस के सामने हॉर्न बजाकर विरोध जताया गया।

जामुल प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनावी व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवालों पर मुख्य चुनाव आयुक्त को जवाब देना चाहिए। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने केंद्र की भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि निर्वाचन संबंधी जवाबदेही की मांग को लेकर आगे बढ़ रहे इंडिया ब्लॉक के सांसदों के साथ बलपूर्वक व्यवहार किया गया और एफआईआर दर्ज की गई। कांग्रेस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया ब्लॉक के सांसदों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार एवं लाठीचार्ज को लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय बताया।

जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के निर्देशानुसार शिवपुरी जामुल, किसान चौक जामगांव आर, बाजार चौक कुम्हारी, आत्मानंद चौक पाटन, मुरमुंदा-अहिवारा, धमधा मेन रोड बस स्टैंड, अहिवारा, भिलाई-3 चरोदा, उतई और अंजोरा में निर्धारित समय पर विरोध प्रदर्शन किए गए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “लोकतंत्र बचाओ” और “संविधान बचाओ” सहित विभिन्न नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी और काले वस्त्र धारण कर लोकतंत्र एवं संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा का संकल्प लिया।

जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन किसी एक घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता और संवैधानिक निष्पक्षता को लेकर उठाए जा रहे सवालों से जुड़ा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और चुनाव व्यवस्था की निष्पक्षता बहाल करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर जनता का विश्वास कायम रहना लोकतंत्र के लिए आवश्यक है और कांग्रेस इसी विश्वास को मजबूत करने की मांग कर रही है।

प्रदर्शन के दौरान भिलाई-3 में महापौर निर्मल कोसरे, कृष्णा चंद्राकर, सुजीत बघेल, श्रीकांत वर्मा, टनेन्द्र ठाकरे, कुमुद मढ़रिया और पारस बंछोर सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे। जामुल में कमलेश साहू, करीम खान, प्रकाश ठाकुर, सुनीता चन्नेवार, सबीहा खान, सरोजनी चंद्राकर, रामप्यारी वर्मा और प्रवीण देवांगन सहित कार्यकर्ता शामिल हुए। मुरमुंदा में उमेश साहू, हीरा वर्मा, हेमंत साहू, सुमन साहू, रानी बंछोर, उषा सोनवानी, दीपक मानिकपुरी, संतोष निर्मलकर, आशीष अग्रवाल, आराधना, हेमलता, हेमंत कुर्रे, अशोक, पंकज, धरम बर्रे, योगेश, जगदीश मारकंडे और परमेश्वर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। उतई में प्रहलाद वर्मा, डीकेंद्र हिरवानी, बहादुर सिंह नेताम, द्वारिका साहू, वीरेंद्र गोस्वामी, सुरता सिंह गढ़े और संजय गिरी गोस्वामी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया।


Related Articles