CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक जल्द, 11 जून से बढ़ेगी बारिश; कई जिलों में यलो अलर्ट जारी

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक जल्द, 11 जून से बढ़ेगी बारिश; कई जिलों में यलो अलर्ट जारी

CG Weather Update : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री अब बेहद करीब है। प्रदेश के कई इलाकों में मंगलवार को तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं। वहीं राजधानी रायपुर में देर रात हुई हल्की बारिश के बाद उमस बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने 11 जून से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है।

कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में बारिश, तेज हवाएं, बिजली चमकने और बादल गरजने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन इलाकों में हुई बारिश

प्रदेश में मंगलवार को शंकरगढ़, मंदिर हसौद और खरोरा में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी वायु चक्रवात सक्रिय है, जबकि पंजाब से बिहार तक द्रोणिका बनी हुई है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा

मंगलवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।

रायपुर का आज का मौसम

राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। तापमान में गिरावट के साथ अगले 24 घंटों में बारिश की संभावना भी बनी हुई है।


Related Articles