Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव ओवरब्रिज के पास मंगलवार रात एक बड़ी पानी की मेन पाइपलाइन फट गई, जिससे हजारों लीटर पानी सड़क पर बह गया। पाइपलाइन फूटने के कारण मुख्य मार्ग सहित आसपास की कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार यह पाइपलाइन शहर की विभिन्न पानी टंकियों तक जलापूर्ति पहुंचाने वाली प्रमुख लाइन है। पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने से कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल मरम्मत की मांग की है।
पाइपलाइन फूटने से सड़क पर तेज बहाव के साथ पानी फैल गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों की आवाजाही प्रभावित हुई। वेदही अस्पताल की गली सहित आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई स्थानों पर लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों और निगम प्रशासन को दी गई, लेकिन देर रात तक मरम्मत दल मौके पर नहीं पहुंचा। इसके चलते पानी की बर्बादी लगातार जारी रही और समस्या और गंभीर होती गई।
लोगों ने नगर निगम से शीघ्र मरम्मत कार्य कर जलापूर्ति व्यवस्था बहाल करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।

