Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रायपुर उत्तर विधानसभा द्वारा 10 जून को विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन प्रातः 9 बजे से 10 बजे तक गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में संपन्न होगा। कार्यक्रम की पहल रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा की गई है।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण और गरीब कल्याण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व, अथक परिश्रम और राष्ट्र प्रथम की भावना ने देश को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान की है। सेवा और समर्पण से परिपूर्ण उनके 12 वर्ष भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हैं।
इसी भावना के साथ भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु के श्रीचरणों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, यशस्वी नेतृत्व एवं राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने की शक्ति प्रदान करने हेतु विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। साथ ही देश की सुख-समृद्धि, विकास और जनकल्याण के लिए भी मंगलकामनाएं की जाएंगी।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने क्षेत्र के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आयोजन में सहभागी बनने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पित नेतृत्व के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है।
भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की कृपा से भारत निरंतर प्रगति, समृद्धि और विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़े, इसी मंगल भावना के साथ यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

