CG News : कियोस्क संचालक पर महतारी वंदन योजना की राशि निकालने का आरोप, महिला ने दर्ज कराई शिकायत

CG News : कियोस्क संचालक पर महतारी वंदन योजना की राशि निकालने का आरोप, महिला ने दर्ज कराई शिकायत

Surajpur Kiosk Fraud News सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुरती में महतारी वंदन योजना की राशि में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। गांव की निवासी अनीता यादव पति शोभनाथ यादव ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की शाखा चन्द्रमेढ़ा से संबद्ध कियोस्क संचालक राहुल गुप्ता (आईडी 3FAT047) पर डबल निकासी और अवैध कमीशन वसूली का गंभीर आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार 7 फरवरी 2026 को अनीता यादव अपने पति के साथ महतारी वंदन योजना की राशि निकालने कियोस्क केंद्र पहुंचीं। उनका खाता क्रमांक 77042091759 उक्त बैंक में संचालित है। आरोप है कि कियोस्क संचालक द्वारा 1000 रुपये की निकासी कर राशि दी गई, लेकिन बाद में पासबुक प्रिंट कराने पर पता चला कि उसी दिन खाते से दो बार 1000-1000 रुपये, कुल 2000 रुपये की निकासी दर्ज है। पीड़िता का कहना है कि उन्हें केवल 1000 रुपये ही प्राप्त हुए, जबकि बैंक रिकॉर्ड में 2000 रुपये की एंट्री दिखाई दे रही है।

आवेदन में उल्लेख है कि पहली निकासी के बाद वह ऑपरेशन और इलाज के सिलसिले में बाहर चली गई थीं। लौटने के बाद जब वे शेष राशि निकालने पहुंचीं तो संचालक ने खाते में राशि न होने की बात कहकर वापस भेज दिया। संदेह होने पर बैंक शाखा में पासबुक अपडेट कराने पर कथित डबल निकासी का खुलासा हुआ।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि खाते से अवैध रूप से कमीशन की कटौती की गई है। पासबुक प्रविष्टियों के आधार पर उन्होंने दावा किया है कि एक ही दिन में दो निकासी दर्ज होने के साथ अनधिकृत राशि भी काटी गई। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि उनके खाते से इस प्रकार की गड़बड़ी संभव है तो अन्य हितग्राहियों के साथ भी ऐसी अनियमितता हो सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं मुख्यतः कियोस्क संचालकों के माध्यम से संचालित होती हैं, ऐसे में इस प्रकार के आरोप पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

अनीता यादव ने शाखा प्रबंधक से निष्पक्ष जांच कर संबंधित कियोस्क संचालक के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की प्रमुख शाखा बैकुंठपुर, शाखा चन्द्रमेढ़ा, शाखा बंशीपुर, छत्तीसगढ़ साइबर सुरक्षा विभाग, थाना प्रतापपुर और जिला सूरजपुर के संबंधित कार्यालयों को भी प्रेषित की गई है।

इस मामले पर शाखा प्रबंधक अनंत कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारी से तीन दिवस के भीतर जवाब तलब किया गया है। निर्धारित समय-सीमा में स्पष्टीकरण प्राप्त होने के बाद पूरे प्रकरण की विधिवत जांच कराई जाएगी और जांच प्रतिवेदन के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महतारी वंदन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजना से जुड़ा यह मामला अब जांच के दायरे में है और पीड़िता को न्याय मिलने की प्रतीक्षा है।

Read More : छत्तीसगढ़ विधानसभा में गरमाया माहौल, इन दो दिग्गज विधायकों के बीच तीखी बहस, सभापति ने दी सख्त नसीहत


Related Articles