Bilaspur Latest News: एडवोकेट जनरल के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर चलाया जा रहा ऑनलाइन सट्टे का खेल, शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुटी

Bilaspur Latest News: एडवोकेट जनरल के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर चलाया जा रहा ऑनलाइन सट्टे का खेल, शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुटी

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के सर्वोच्च कानूनी अधिकारी एडवोकेट जनरल के नाम से मिलती-जुलती वेबसाइट पर ऑनलाइन सट्टे और लॉटरी से जुड़ी सामग्री प्रदर्शित होने का मामला सामने आया है। वेबसाइट advocategeneralcg.com देखने में सरकारी वेबसाइट जैसी नजर आती है, लेकिन इस पर सट्टे में इस्तेमाल होने वाले नंबरों और ऑनलाइन लॉटरी के विज्ञापन दिखाई दे रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, advocategeneralcg.com नाम की वेबसाइट पर एडवोकेट जनरल कार्यालय से संबंधित जानकारी के साथ सट्टे और ऑनलाइन लॉटरी से जुड़ी सामग्री प्रदर्शित हो रही है। वेबसाइट का शुरुआती स्वरूप सरकारी पोर्टल जैसा दिखाई देता है। इसमें About Us, Tender और Announcements जैसे विकल्प भी मौजूद हैं। हालांकि, वेबसाइट पर Government of Chhattisgarh से जुड़े विकल्पों पर क्लिक करने के बाद दूसरी तरह की सामग्री सामने आने की बात कही जा रही है।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित वेबसाइट पुरानी है और उस पर पहले से मौजूद सामग्री को हटाया नहीं गया था। बताया जा रहा है कि वेबसाइट तैयार करने वाली एजेंसी ने कथित तौर पर बाद में इसे किसी दूसरी कंपनी को बेच दिया था। इसके बाद वेबसाइट पर प्रदर्शित सामग्री को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए चकरभाठा थाना पुलिस ने संबंधित कंपनी को ई-मेल भेजा है। पुलिस ने वेबसाइट के स्वामित्व, संचालन और उस पर सट्टे तथा ऑनलाइन लॉटरी से जुड़ी सामग्री प्रदर्शित होने के संबंध में जानकारी मांगी है। कंपनी की ओर से जवाब मिलने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।

फिलहाल मामले में कोई आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वेबसाइट पर आपत्तिजनक सामग्री किसने अपलोड की और इसके पीछे किसकी भूमिका है।


Related Articles