Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय ने किया प्रदेश के पहले पंचायत आधारित सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण, हर साल 18.75 लाख कमाएगी ग्राम पंचायत

Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय ने किया प्रदेश के पहले पंचायत आधारित सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण, हर साल 18.75 लाख कमाएगी ग्राम पंचायत

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंजारा में प्रदेश के पहले पंचायत आधारित 280 किलोवाट क्षमता वाले ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण किया। करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस संयंत्र के माध्यम से ग्राम पंचायत को हर साल लगभग 18.75 लाख रुपये की आय होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों की वास्तविक आत्मनिर्भरता तभी संभव है, जब ग्राम पंचायतों के पास विकास कार्यों के लिए आय के स्थायी स्रोत हों। कुंजारा की यह पहल प्रदेश की दूसरी ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायक मॉडल बनेगी।

मुख्यमंत्री साय ने ग्रामवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि कुंजारा अब बिजली उत्पादन के साथ आय अर्जित करने वाली ग्राम पंचायत के रूप में नई पहचान बनाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सौर ऊर्जा के माध्यम से देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का जो संकल्प लिया है, यह परियोजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

ग्राम पंचायत को हर साल होगी 18.75 लाख रुपये की आय

मुख्यमंत्री ने बताया कि 280 किलोवाट क्षमता वाला यह सौर ऊर्जा संयंत्र प्रतिवर्ष लगभग 4 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन करने में सक्षम है। संयंत्र से उत्पादित बिजली सीधे विद्युत ग्रिड में प्रवाहित होगी। वर्चुअल नेट मीटरिंग व्यवस्था के माध्यम से इस बिजली का समायोजन जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों की विद्युत खपत से किया जाएगा।

इस व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायत कुंजारा को 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से लाभांश मिलेगा। इससे पंचायत को सालाना अनुमानित 18.75 लाख रुपये की आय होगी। इस राशि का उपयोग ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर गांव की जरूरतों, अधोसंरचना निर्माण और स्थानीय विकास कार्यों में किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना ग्राम पंचायतों को अपनी आय के स्रोत विकसित करने की नई दिशा दिखाएगी। कुंजारा आने वाले समय में प्रदेश की अन्य पंचायतों के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता का रोल मॉडल बन सकता है।

सीसी सड़क और दो सामुदायिक भवनों की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने ग्रामीणों की मांग पर कई विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने ग्राम पंचायत कुंजारा में 20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही श्री टोली में एक सामुदायिक भवन और कुंजारा में शिव मंदिर के समीप एक अन्य सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और गांवों को विकास के नए अवसरों से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य जरूरी सुविधाओं के विकास से ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने की अपील

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की ऊर्जा है। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ बिजली खर्च में भी बचत होती है। सरकार की प्राथमिकता सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ गांवों और आम नागरिकों तक पहुंचाना है।

वर्चुअल नेट मीटरिंग से शासकीय कार्यालयों को भी फायदा

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत जशपुर के प्रस्ताव पर इस परियोजना को स्वीकृति दी गई थी। संयंत्र की स्थापना छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा आधुनिक तकनीक से की गई है।

परियोजना में उत्पादित बिजली सीधे ग्रिड में प्रवाहित होगी। इसके लिए संयंत्र स्थल पर नेट मीटर लगाया गया है, जिससे प्रतिदिन उत्पादित बिजली की यूनिटों का हिसाब रखा जाएगा। जशपुर जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों के विद्युत मीटरों को वर्चुअल नेट मीटरिंग व्यवस्था के तहत छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड से अनुबंधित किया गया है।

इस व्यवस्था से शासकीय कार्यालयों के बिजली बिल में बचत होगी और निर्धारित लाभांश 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से ग्राम पंचायत कुंजारा के खाते में जमा किया जाएगा। परियोजना के संचालन और लाभांश वितरण के लिए विद्युत विभाग, ग्राम पंचायत कुंजारा तथा जनपद पंचायत कुनकुरी के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी किया गया है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक रोहित साय, उपेंद्र यादव, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


Related Articles