Mahasamund Latest News: अवैध शराब पकड़ने पहुंची आबकारी टीम पर हमला, SI और आरक्षक समेत तीन घायल

Mahasamund Latest News: अवैध शराब पकड़ने पहुंची आबकारी टीम पर हमला, SI और आरक्षक समेत तीन घायल

Chhattisgarh Mahasamund News: महासमुंद। जिले के बागबाहरा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर हमला और मारपीट का मामला सामने आया है। ग्राम बोकरामुड़ाखुर्द के डुमानी पारा में हुई इस घटना में आबकारी विभाग के सब इंस्पेक्टर (SI), एक आरक्षक और एक सेल्समैन घायल हो गए। घायलों में सेल्समैन ललित राजपूत की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुबह अवैध शराब बिक्री की सूचना मिलने पर आबकारी विभाग की छह सदस्यीय टीम बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम बोकरामुड़ाखुर्द के डुमानी पारा पहुंची थी। टीम मौके पर अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची, तभी वहां मौजूद कुछ लोगों के साथ विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया, जिसमें आबकारी विभाग के तीन कर्मचारी घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बागबाहरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आबकारी विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सेल्समैन ललित राजपूत को बेहतर इलाज के लिए महासमुंद रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद आबकारी विभाग की टीम ने बागबाहरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Related Articles