Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। न्यायधानी के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित अटल आवास के डी ब्लॉक में लकड़ी फोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में मयंक ध्रुव नामक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष के गोपाल समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच आग तापने के लिए लकड़ी फोड़ने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पहले कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने के बाद जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर हमला किए जाने की बात सामने आई है।
मारपीट में मयंक ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष के गोपाल समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस विवाद की वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

