Mohla-Manpur Latest News: सिवनी गांव में पति की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजी गई जेल

Mohla-Manpur Latest News: सिवनी गांव में पति की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजी गई जेल

Chhattisgarh Mohla-Manpur News: मोहला-मानपुर। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के खड़गांव थाना क्षेत्र के सिवनी गांव में घरेलू विवाद के दौरान पति की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करने वाले पति पर पत्नी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण पति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में पत्नी मालती बाई को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर की रात कारजू राम पुराम शराब के नशे में घर पहुंचा था। आरोप है कि उसने पत्नी मालती बाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि पति की रोजाना की मारपीट और प्रताड़ना से परेशान होकर पत्नी ने आपा खो दिया। इसी दौरान उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से पति के चेहरे, गर्दन और सीने पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते कारजू राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के अगले दिन मृतक की मां जांगय बाई ने खड़गांव थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान पुलिस ने खून लगी कुल्हाड़ी सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी मालती बाई से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने पति पर कुल्हाड़ी से हमला करने की बात स्वीकार की। इसके बाद 18 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


Related Articles