Chhattisgarh Weathr: रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 और 21 नवंबर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी दी है।
50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। इसके अलावा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
20 नवंबर को तट से टकरा सकता है तूफान अकवान
दक्षिण और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ लगातार आगे बढ़ रहा है। यह सिस्टम उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। 18 नवंबर की दोपहर को यह आंध्र प्रदेश के नरसापुर से 520 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित था।
वहीं, चेन्नई से इसकी दूरी 560 किलोमीटर पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 660 किलोमीटर दक्षिण में दर्ज की गई थी। अनुमान है कि तूफान 20 नवंबर की दोपहर तक तट से टकरा सकता है। इसके उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच लैंडफॉल करने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
बलरामपुर में कड़ाके की ठंड
बारिश की चेतावनी के बीच छत्तीसगढ़ में ठंड का असर भी तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान बलरामपुर में 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में भी रात का तापमान गिरकर 9.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इससे उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड का असर बढ़ गया है।
रायपुर में आज छाए रहेंगे बादल
राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राजधानी में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

