Chhattisgarh Jagdalpur News: जगदलपुर। त्योहारों का सीजन खत्म होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। छत्तीसगढ़ में संचालित ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत विभाग की टीम ने जगदलपुर में कई दुकानों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान धरमपुरा स्थित कैलाश स्वीट्स में अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर दुकान को आगामी आदेश तक बंद करा दिया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने दो खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। वहीं, चित्रकोट रोड स्थित एक्स्ट्राक्लास रेस्टोरेंट में एक्सपायरी पिज्जा बेस के 10 पैकेट मिले। टीम ने मौके पर ही इन सभी पैकेटों को नष्ट करा दिया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़ी लापरवाही पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

