Chhattisgarh Latest News: रायपुर: जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (JCC-J) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के एक सोशल मीडिया वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर सांकेतिक शादी और हनीमून के दृश्य दिखाए गए थे। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने पहुंचकर अमित जोगी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और FIR की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, अमित जोगी ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में दोनों के मुखौटे पहने किरदारों को दिखाया गया था। इसके बाद ‘ज्ञानू-जानू की शादी’ के नाम से सांकेतिक शादी और हनीमून के दृश्य भी दिखाए गए। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना शुरू हो गई और राजनीतिक विवाद बढ़ गया।
भाजपा नेताओं ने थाने पहुंचकर की शिकायत
वीडियो को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। इसके बाद वे रायपुर के सिविल लाइंस थाने पहुंचे और अमित जोगी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। भाजपा नेताओं ने वीडियो को आपत्तिजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
विवाद बढ़ने पर अमित जोगी ने डिलीट किया वीडियो
वीडियो को लेकर विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया। उन्होंने एक पोस्ट के जरिए स्वीकार किया कि अपनी बात रखने का तरीका सही नहीं था। जोगी ने कहा कि वे जिस संदेश को देना चाहते थे, उसे दूसरे तरीके से भी रखा जा सकता था।
अमित जोगी ने मांगी माफी
अमित जोगी ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि खुद का मजाक उड़ाकर अपनी बात रखना अलग है, लेकिन किसी के निजी रिश्ते या निजी स्पेस को व्यंग्य का हिस्सा बनाना ऐसी सीमा है, जिसे वे पार नहीं करना चाहते। इसी वजह से उन्होंने वीडियो हटा दिया। साथ ही जिन लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, उनसे माफी भी मांगी। अब इस मामले में भाजपा की शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई पर नजर है।

