Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर भाजपा ने विरोध जताया है। रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सिविल लाइन थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत सौंपकर वीडियो बनाने तथा उसे सोशल मीडिया पर साझा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
इस दौरान विधायक राजेश मूणत ने कहा कि अमित जोगी ने देश के प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जिस तरह का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया है, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राजनीति में सिद्धांतों और विचारों की लड़ाई होती है और अपनी बात रखने का एक तरीका होता है, लेकिन चरित्र हनन के उद्देश्य से बेडरूम के दृश्य दिखाना उचित नहीं है।
मूणत ने कहा कि वीडियो की पटकथा लिखने और उसे बनाने वाले सभी लोगों के खिलाफ शिकायत की गई है। उन्होंने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए मांग की कि इस कथित कूटरचना के पीछे शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा कार्यकर्ता दोबारा थाने पहुंचेंगे।

