Chhattisgarh Latest News: दिसंबर में हो सकते हैं नगरीय निकाय चुनाव, डिप्टी CM अरुण साव का बड़ा बयान, सभी 17 निकायों में BJP की तैयारी

Chhattisgarh Latest News: दिसंबर में हो सकते हैं नगरीय निकाय चुनाव, डिप्टी CM अरुण साव का बड़ा बयान, सभी 17 निकायों में BJP की तैयारी

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़। नगरीय निकाय चुनाव की तारीखों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन सोमवार को होने जा रहा है। इसके बाद चुनाव कार्यक्रम की घोषणा को लेकर राजनीतिक दलों और आम लोगों की निगाहें निर्वाचन आयोग पर टिकी रहेंगी। इस बीच उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संकेत दिया है कि दिसंबर में नगरीय निकाय चुनाव हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग अपनी तैयारियों में जुटा है और भाजपा प्रदेश के सभी 17 नगरीय निकायों में चुनाव के लिए तैयार है।

मीडिया से चर्चा करते हुए अरुण साव ने कहा कि भाजपा हर चुनाव को गंभीरता से लेती है। पार्टी सभी 17 नगरीय निकायों में पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने पिछली बार के नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम दोहराने का दावा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पिछले तीन वर्षों में शहरों के विकास के लिए काम किया है। शहरों की जनता भाजपा को अपना आशीर्वाद देगी।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत की कार्यकर्ताओं के साथ बैठक को लेकर भी उप मुख्यमंत्री ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति काफी खराब है। जिलाध्यक्ष प्रभारी की बैठक में शामिल नहीं हो पा रहे हैं और पार्टी को अपने जिलाध्यक्षों को नोटिस जारी करना पड़ रहा है। इससे कांग्रेस के अंदरूनी हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है।

दीपक बैज के प्रदर्शन पर भी साधा निशाना

पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के प्रदर्शन को लेकर अरुण साव ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस हारे-पीटे हुए लोगों की पार्टी बनकर रह गई है और समाप्ति की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष अब तक अपनी कार्यसमिति नहीं बना पाए हैं। हालांकि, उन्होंने इसे कांग्रेस का आंतरिक मामला बताया।

महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर कही यह बात

संसद के आगामी सत्र में पेश होने वाले परिसीमन बिल को लेकर अरुण साव ने कहा कि लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का विधेयक पारित हो चुका है और महिला आरक्षण जल्द लागू होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब आरक्षण विधेयक पेश किया गया था, तब विपक्षी दलों का महिला विरोधी चेहरा सामने आया था। उन्होंने कहा कि आरक्षण बिल आएगा और परिसीमन भी होगा। विपक्षी दल आत्मघाती कदम उठा रहे हैं, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा।

शराब घोटाले की गिरफ्तारी पर भी प्रतिक्रिया

शराब घोटाला मामले में विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच में कई बातें उजागर हो रही हैं। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


Related Articles