Chhattisgarh Mungeli News: मुंगेली। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में कथित अवैध कॉलोनियों के मामले को लेकर नगरीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। परिषद की बैठकों में तीन बार प्रस्ताव पारित होने और पार्षदों की ओर से शिकायत किए जाने के बावजूद संबंधित कॉलोनाइजरों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी बढ़ रही है। पार्षदों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी और नगर पालिका प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई में हो रही देरी पर आपत्ति जताई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नगर पालिका क्षेत्र में कुछ कॉलोनियां नियमों के विपरीत विकसित की जा रही हैं। इनके खिलाफ परिषद पहले ही स्पष्ट निर्णय ले चुकी है, लेकिन उन प्रस्तावों पर अमल नहीं किया गया। पार्षदों के अनुसार, परिषद की 7 दिसंबर 2020 की बैठक में संकल्प क्रमांक 20, 18 जून 2025 की बैठक में संकल्प क्रमांक 58 और 10 दिसंबर 2025 की बैठक में संकल्प क्रमांक 66 के तहत अवैध कॉलोनियों के विकास कार्यों पर रोक लगाने, निर्माण बंद कराने और संबंधित गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया था।
पार्षदों का कहना है कि तीन बार प्रस्ताव पारित होने के बाद भी प्रभावी कार्रवाई नहीं होना प्रशासनिक निष्क्रियता को दर्शाता है। उनका आरोप है कि परिषद में चर्चा और शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नोटिस जारी करने और पत्राचार तक सीमित रह गई है। इससे नियमों के पालन और अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित कॉलोनाइजरों को कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन उनकी ओर से जवाब तक नहीं दिया गया। इसके बावजूद प्रशासन ने आगे की कार्रवाई नहीं की। पार्षदों ने सवाल उठाया है कि नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार अगला कदम क्यों नहीं उठाया जा रहा है।
पार्षदों ने मांग की है कि पूर्व में पारित प्रस्तावों के तहत चिन्हित कॉलोनियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्माण गतिविधियों पर रोक लगाने, नियमों के अनुसार अवैध निर्माणों को हटाने और संबंधित कॉलोनाइजरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाए।
ज्ञापन में 18 नवंबर को आयोजित परिषद की बैठक में भी इस विषय पर निर्णय लेने का आग्रह किया गया था। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से पार्षदों में नाराजगी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो मामले को कलेक्टर के समक्ष ले जाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर आंदोलन और कानूनी कार्रवाई का रास्ता भी अपनाया जाएगा।

