Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय ने बलरामपुर को दी 71.48 करोड़ की सौगात, 694 विकास कार्यों का किया भूमिपूजन और लोकार्पण

Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय ने बलरामपुर को दी 71.48 करोड़ की सौगात, 694 विकास कार्यों का किया भूमिपूजन और लोकार्पण

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत रघुनाथनगर में आयोजित करमा महोत्सव में जिलेवासियों को 71 करोड़ 48 लाख रुपये के 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 54 करोड़ 21 लाख रुपये के 672 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास और 17 करोड़ 27 लाख रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। करमा महोत्सव लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। हमारी सरकार इन परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के साथ दूरस्थ एवं जनजातीय अंचलों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा संकल्प है कि विकास का लाभ हर गांव, हर परिवार और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा ग्राम पंचायत रघुनाथनगर और बरतीकला में मंगल भवन तथा ग्राम पंचायत महेवा में विद्युत सब स्टेशन स्थापित किया जाएगा। उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण रकसगंडा को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने और वाड्रफनगर के अधूरे नगर वन पार्क का निर्माण कार्य पूरा कराने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित एवं भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में भगवानपुर से मेंढ़ारी तथा डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह सड़क निर्माण, सात नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवन, राजपुर में एसडीएम कार्यालय भवन और चान्दो में तहसील कार्यालय भवन शामिल हैं। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जा रही है। किसानों को धान बेचने में परेशानी न हो, इसके लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि दी जाएगी। जिन किसानों ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचा है, उन्हें भी पूरी आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का जिक्र करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। यह योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिला प्रशासन की पहल ‘वृद्धजन क्लिनिक’ का शुभारंभ भी किया। ‘स्वस्थ वृद्ध, खुशहाल जीवन’ के उद्देश्य से शुरू किए गए इस क्लिनिक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग पंजीयन काउंटर, चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा उपलब्ध होगी। यहां जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी, इन्फ्रारेड थेरेपी, मसाज चेयर और आयुष चिकित्सा पद्धति के अंतर्गत शिरोधारा जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। इससे बुजुर्गों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

इस अवसर पर आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिला। मुख्यमंत्री ने दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने शिविर में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार जताया।

कार्यक्रम में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में संचालित विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए जिले में ‘बालभोग’ नवाचार शुरू किया गया है। इसके तहत ग्रामीण महिलाएं रागी, सत्तू और श्रीअन्न से पौष्टिक लड्डू तैयार करती हैं। पोषण सखियां घर-घर जाकर कुपोषित बच्चों को अपने सामने लड्डू खिलाती हैं और उनके पोषण में हो रहे सुधार का नियमित रिकॉर्ड रखती हैं।

कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, पूर्व गृहमंत्री एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनि निकुंज, जनपद पंचायत वाड्रफनगर की अध्यक्ष शशि सिंह पोर्ते सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Related Articles