Mungeli Latest News: आज से शुरू होगा 11वां मुंगेली व्यापार मेला, डिप्टी CM अरुण साव करेंगे शुभारंभ

Mungeli Latest News: आज से शुरू होगा 11वां मुंगेली व्यापार मेला, डिप्टी CM अरुण साव करेंगे शुभारंभ

Chhattisgarh Mungeli News: मुंगेली। शहर में आज से सात दिवसीय 11वें मुंगेली व्यापार मेले का आगाज होने जा रहा है। स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसायटी की ओर से आयोजित इस मेले का शुभारंभ 27 नवंबर को शाम 5 बजे वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव की उपस्थिति में होगा। मेला 3 दिसंबर तक चलेगा।

मुंगेली व्यापार मेला अब शहर के प्रमुख आयोजनों में शामिल हो चुका है। स्थानीय लोग इसे मुंगेली के त्योहार के रूप में भी पहचानने लगे हैं। संस्था के संयोजक रामपाल सिंह ने बताया कि मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार मेला स्थल को नया रूप दिया गया है और मंच को ‘समृद्धि छत्तीसगढ़’ की थीम पर तैयार किया गया है। आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेला परिसर का विस्तार भी किया गया है।

संस्था के अध्यक्ष महावीर सिंह ने बताया कि मेले में जिले की प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें रंगोली, समूह नृत्य, चित्रकला, मेहंदी, रंग भरो, छत्तीसगढ़ी गीत गायन, ओपन माइक, ब्राइडल मेकअप, मिस एवं मिस्टर मुंगेली, हेयर स्टाइल और छत्तीसगढ़ी व्यंजन बनाओ प्रतियोगिता शामिल हैं।

मेले में हर दिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। 27 नवंबर को छत्तीसगढ़ी लोककला मंच अंजोर के माध्यम से गरिमा और स्वर्णा दिवाकर प्रस्तुति देंगी। 28 नवंबर को सोनहा माटी लोककला मंच की भूपेंद्र जायसवाल के नेतृत्व वाली टीम कार्यक्रम पेश करेगी। 29 नवंबर को छात्र-छात्राओं के समूह नृत्य होंगे। 30 नवंबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के हास्य कवि शामिल होंगे।

1 दिसंबर को चिन्हारी लोक मंजिरा लोककला मंच की पायल साहू प्रस्तुति देंगी। 2 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के गायक गोरेलाल बर्मन अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं, 3 दिसंबर को सैफ एंड सोहेल लाइव रॉक बैंड और कोलकाता के ब्लिस ट्रूप की प्रस्तुति के साथ मेले का समापन होगा।

संस्था के सचिव विनोद यादव के अनुसार, इस वर्ष मेले में 200 से अधिक स्टॉल लगाए जा रहे हैं। यहां फिश टनल, ऑटोमोबाइल, फूड जोन, इलेक्ट्रिक उत्पाद, बैंकिंग सेवाएं, रियल एस्टेट, हैंडीक्राफ्ट, शैक्षणिक संस्थान, सौंदर्य प्रसाधन, फर्टिलाइजर, कृषि उपकरण, टेराकोटा, कपड़े, हर्बल उत्पाद, बस्तर आर्ट और महिला गृह उद्योगों के उत्पाद देखने और खरीदने का अवसर मिलेगा। बच्चों के लिए खिलौनों के साथ विभिन्न प्रकार के झूले भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

आयोजन का उद्देश्य लघु, कुटीर और मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहित करना, स्थानीय उत्पादों को आम लोगों तक पहुंचाना और व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। संस्था के पदाधिकारी और सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।


Related Articles