Chhattisgarh Latest News: महिला आरक्षण को लेकर मोदी सरकार का बड़ा कदम, छत्तीसगढ़ की राजनीति में आएगा बदलाव, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने किया स्वागत

Chhattisgarh Latest News: महिला आरक्षण को लेकर मोदी सरकार का बड़ा कदम, छत्तीसगढ़ की राजनीति में आएगा बदलाव, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने किया स्वागत

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। प्रदेश की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दी गई है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 फीसदी तक वृद्धि का प्रावधान किया गया है। साथ ही वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

प्रस्ताव लागू होने पर छत्तीसगढ़ विधानसभा की मौजूदा 90 सीटें बढ़कर 135 हो सकती हैं। वहीं, लोकसभा की 11 सीटें बढ़कर 17 होने की संभावना है। यानी प्रदेश को 45 नए विधायक और 6 अतिरिक्त सांसद मिल सकते हैं। इस बदलाव से छत्तीसगढ़ का राजनीतिक समीकरण बदलने के साथ ही नए राजनीतिक चेहरों को भी अवसर मिल सकता है।

फिलहाल छत्तीसगढ़ विधानसभा में कुल 90 सीटें हैं। इनमें 51 सामान्य, 10 अनुसूचित जाति और 29 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। प्रस्तावित 50 फीसदी वृद्धि के फार्मूले के तहत विधानसभा की सदस्य संख्या 135 तक पहुंच सकती है। इससे प्रदेश में 45 नए विधानसभा क्षेत्र जुड़ने की संभावना है। निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढ़ने से बड़े क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व अलग-अलग हिस्सों में बंट सकता है। राजनीतिक दलों को भी नए क्षेत्रों में संगठन मजबूत करने और नए प्रत्याशियों को मैदान में उतारने की रणनीति बनानी होगी।

इसी तरह छत्तीसगढ़ में लोकसभा की मौजूदा 11 सीटें बढ़कर करीब 17 हो सकती हैं। इससे प्रदेश को 6 अतिरिक्त सांसद मिल सकते हैं। केंद्र सरकार के प्रस्ताव में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक करने का प्रावधान है। इसमें राज्यों के लिए अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें प्रस्तावित हैं। सरकार का तर्क है कि सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में समान रूप से 50 फीसदी वृद्धि की जाएगी।

प्रस्तावित व्यवस्था में राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात वर्ष 2051 तक बरकरार रखने की बात भी शामिल है। इसके तहत निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव किया जा सकेगा। परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाए जाने का प्रस्ताव है।

इस फैसले का एक अहम पहलू महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देना है। वर्ष 2023 में संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया था। हालांकि, इसका क्रियान्वयन जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था। अब केंद्र सरकार संशोधन के जरिए 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रस्ताव पारित होने पर संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ सकती है।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कैबिनेट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि आज बहुत बड़ा दिन है। केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को हरी झंडी दी है। इससे पूरे देश को फायदा होगा। वर्षों से लोग इसका इंतजार कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार महिलाओं को उनका अधिकार देने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रस्ताव पारित होने पर छत्तीसगढ़ विधानसभा की 90 सीटें बढ़कर 135 और लोकसभा की 11 सीटें बढ़कर 17 हो जाएंगी। इससे क्षेत्रों का विकास बेहतर तरीके से हो सकेगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सवाल उठाने के अलावा और कुछ नहीं कर सकती।

केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब सरकार इस विधेयक को संसद के विशेष सत्र में पेश करने की तैयारी में है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। सरकार की कोशिश है कि विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधनों को आगे बढ़ाया जाए।

गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में भी सरकार ने इससे संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश किया था, लेकिन जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण यह पारित नहीं हो सका था। संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दिलाने के लिए संसद के दोनों सदनों में विशेष बहुमत आवश्यक होता है।


Related Articles