Chhattisgarh News: रायपुर: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के दौरान किसानों के रकबे में कमी संबंधी शिकायतों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीरता से लिया है। बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को ऐसी शिकायतों की तत्काल जांच कर उनका जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बैठक में धान खरीदी, सिटी गैस वितरण योजना, जल जीवन मिशन, सड़क निर्माण, औद्योगिक सुधार और नागरिक सेवाओं सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री साय ने धान खरीदी के दौरान किसानों से प्राप्त रकबा कम होने संबंधी शिकायतों पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर संबंधित कलेक्टर स्वयं जांच करें और समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
घरों तक पाइपलाइन से गैस पहुंचाने के काम में तेजी लाएं
मुख्यमंत्री ने खाद्य विभाग के अंतर्गत सिटी गैस वितरण योजना की समीक्षा करते हुए पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक गैस पहुंचाने के कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने बताया कि रायपुर और बिलासपुर सहित कई जिलों में इस दिशा में सराहनीय काम हो रहा है, जबकि कुछ जिलों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। ऐसे जिलों के कलेक्टरों को योजना के क्रियान्वयन में विशेष रुचि लेकर काम आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने एलपीजी की तुलना में पीएनजी की किफायत, सुरक्षा और उपयोगिता के फायदों से आम नागरिकों को अवगत कराने को कहा। उन्होंने जनजातीय छात्रावासों, विद्यालयों के सामुदायिक रसोईघरों, सर्किट हाउस और अन्य शासकीय संस्थानों में भी पीएनजी के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी, ठेकेदारों का भुगतान समय पर हो
मुख्यमंत्री साय ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि घर-घर नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कलेक्टरों को इस योजना के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और मासिक समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन ठेकेदारों ने जल जीवन मिशन के तहत अपना काम पूरा कर लिया है, उनका भुगतान समय पर किया जाए। बेहतर काम करने वाले ठेकेदारों को प्रोत्साहित किया जाए, जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।
मिशन अमृत 2.0 और सीवेज परियोजनाओं की भी समीक्षा
मुख्यमंत्री ने मिशन अमृत 2.0 का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में संचालित जल प्रदाय योजनाओं और सीवेज परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश बंसल ने विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।
लंबित वन स्वीकृतियों का जल्द निराकरण करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत वन स्वीकृति से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को आगामी समीक्षा बैठक से पहले लंबित कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक प्रस्ताव राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड को भेजकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
700 औद्योगिक सुधारों के प्रभाव का होगा मूल्यांकन
बैठक में उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार ने बताया कि प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए 700 सुधारों को शामिल किया गया है। इनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी 25 विभागों को सौंपी गई है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को इन सुधारों के लाभ और प्रभावों की जानकारी दी जाए। साथ ही सुधारों से प्राप्त परिणामों का नियमित मूल्यांकन किया जाए, ताकि प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा सके।
सेवा सेतु और CM हेल्पलाइन का होगा प्रचार-प्रसार
मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। लोगों को घर बैठे सरकारी सेवाओं का लाभ मिले और उनकी समस्याओं का आसानी से निराकरण हो, इसके लिए इन व्यवस्थाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए।
टीएल बैठकों में योजनाओं की नियमित समीक्षा के निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जिन जिलों में योजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वहां के कलेक्टर अपने जिले की स्थिति की समीक्षा करें। सभी महत्वपूर्ण मिशनों और योजनाओं को समय-सीमा (टीएल) की बैठकों में शामिल कर उनकी नियमित समीक्षा की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी गंभीरता बरतें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंच सके।

