Chhattisgarh Weather News: उत्तर छत्तीसगढ़ में लौटी ठंड, अंबिकापुर का पारा 7.8 डिग्री गिरा; जगदलपुर में बढ़ा तापमान

Chhattisgarh Weather News: उत्तर छत्तीसगढ़ में लौटी ठंड, अंबिकापुर का पारा 7.8 डिग्री गिरा; जगदलपुर में बढ़ा तापमान

Chhattisgarh Weather News: रायपुर: चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर खत्म होते ही उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड ने फिर दस्तक दे दी है। पिछले तीन दिनों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री, पेंड्रारोड का 5 डिग्री और बिलासपुर का 3.5 डिग्री गिरा है। इसके विपरीत दक्षिण छत्तीसगढ़ में रात का तापमान बढ़ा है। जगदलपुर में इसी अवधि में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री बढ़ गया। अब अंबिकापुर और जगदलपुर के रात के तापमान में 8.7 डिग्री का अंतर है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा। विभाग ने बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

रायपुर में रात का तापमान सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा

बुधवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में रात का तापमान सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा रहा, जबकि दिन का तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री कम दर्ज किया गया।

जगदलपुर में सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा रहा रात का तापमान

प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। जगदलपुर में रात का तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा है। रायपुर में यह सामान्य से 3 डिग्री और माना में 2.3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री ज्यादा है। वहीं, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पेंड्रारोड में रात का तापमान 12.6 डिग्री और दुर्ग में 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान दुर्ग में 31.6 डिग्री दर्ज किया गया।

26 नवंबर को रायपुर में आसमान रहेगा साफ

मौसम विभाग के अनुसार, 26 नवंबर को राजधानी रायपुर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। प्रदेश में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, अगले दो दिनों के बाद भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।


Related Articles