Chhattisgarh News: रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनदर्शन में पहुंचे एक जरूरतमंद परिवार की गुहार पर संवेदनशीलता दिखाते हुए छह वर्षीय बच्चे छयांश के इलाज के लिए तत्काल सहायता के निर्देश दिए हैं। आर्थिक तंगी के कारण बच्चे के पैरों का ऑपरेशन नहीं हो पा रहा था। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उसके ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए आवश्यक सहायता की व्यवस्था करने को कहा है।
दादी के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचा पिता
रायपुर के आमानाका क्षेत्र के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग माता हिरकना बाई कोटांगले के साथ मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से अपने छह वर्षीय बेटे छयांश के पैरों के ऑपरेशन के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई।
दोनों बच्चों को जन्म से है चलने-फिरने में परेशानी
अमित कोटांगले ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही पैरों में चलने-फिरने की समस्या है। काफी कठिनाइयों के बीच उन्होंने बड़े बेटे का ऑपरेशन करवाया, जिसके बाद अब वह स्वस्थ है। हालांकि, आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण छोटे बेटे छयांश का ऑपरेशन नहीं हो पा रहा था।
पत्नी के निधन के बाद परिवार पर बढ़ी जिम्मेदारी
अमित ने बताया कि उनकी पत्नी का निधन हो चुका है। ऐसे में दोनों बच्चों की परवरिश और घर की जिम्मेदारी वे अपनी बुजुर्ग माता और बहन के साथ मिलकर संभाल रहे हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के चलते बेटे का इलाज कराना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया था।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए तत्काल उपचार के निर्देश
परिवार की परेशानी सुनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बालक छयांश के पैरों के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बच्चे के इलाज के लिए सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

