Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। नवा रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी की स्थापना की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। प्रस्तावित साइंस सिटी में 7-डी थियेटर, तारामंडल, स्पेस एंड एस्ट्रोनॉमी गैलरी, डिजिटल पैनोरमा और नवीकरणीय ऊर्जा पार्क जैसे आकर्षण विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश के युवाओं और शोधकर्ताओं को उनके नए आविष्कारों के लिए पेटेंट और बौद्धिक संपदा अधिकार हासिल करने में सरकार सहायता उपलब्ध कराएगी।
साइंस सिटी का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को रोचक और व्यावहारिक तरीके से समझने का अवसर देना है। यहां आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने की योजना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों का लाभ केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इनका उपयोग सरकारी विभागों और आम नागरिकों की जरूरतों को पूरा करने में भी होना चाहिए। उन्होंने कृषि, ग्रामीण विकास, पर्यावरण और राजस्व विभाग की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी परियोजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने युवाओं, शोधकर्ताओं और नवाचारकर्ताओं को पेटेंट सहित बौद्धिक संपदा अधिकार हासिल करने में सहायता देने पर जोर दिया। इसके लिए विभाग की ओर से टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है, ताकि युवा अपने मौलिक विचारों और आविष्कारों को कानूनी संरक्षण दिलाने के लिए मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें।
ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों तक विज्ञान की पहुंच बढ़ाने के लिए चलित विज्ञान बस संचालित करने की योजना भी तैयार की जा रही है। इस बस के माध्यम से गांवों में वैज्ञानिक प्रयोगों और आधुनिक तकनीक का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी विज्ञान को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सिकॉस्ट) की केंद्रीय प्रयोगशालाओं को विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को शोध और प्रयोगों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
बैठक में विज्ञान केंद्र में विकसित की जा रही एआई गैलरी और सूरजपुर जिले के मायापुर में कर्क रेखा के पास प्रस्तावित एस्ट्रो साइंस पार्क पर भी चर्चा हुई। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

